रुद्रपुर , अप्रैल 10 -- उत्तराखंड में ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में लापता एक मजदूर का शव शुक्रवार को बरामद कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक दो दिन पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने के बाद से लापता था। किच्छा थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू ने बताया कि मृतक की पहचान 42 वर्षीय रामवीर निवासी किच्छा के रूप में हुई है, जो स्थानीय फैक्ट्री में फिटर का काम करता था। वह बुधवार रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहा था, लेकिन घर नहीं पहुंचा।

परिजनों ने तलाश के बाद गुरुवार को किच्छा थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई। इसके बाद पुलिस ने एनएच-74 पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें रामवीर को सड़क किनारे चलते हुए देखा गया। इसी दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हो गई और संभवतः किसी लोहे के हिस्से से मृतक टकरा गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां से एक कटा हुआ हाथ बरामद हुआ। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने आज शाम किशनपुर औद्योगिक क्षेत्र रोड स्थित नाले से रामवीर का शव बरामद किया।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की तहरीर का इंतजार किया जा रहा है, जिसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है, जबकि पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित