रुद्रपुर , अक्टूबर 06 -- उत्तराखंड की ऊधमसिंह नगर जिले कि किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका निर्वाचन की बुधवार को होने वाली मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए मतगणना स्थल पर त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति की मौजूदगी में तैयारियों को लेकर आज पुलिस बल की संयुक्त ब्रीफिंग की गई। इसमें एडीएम, एसपी सिटी, एसडीएम, रिटर्निंग ऑफिसर और सभी पुलिस उपाधीक्षक उपस्थित रहे।
ब्रीफिंग में ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों व जवानों को मतगणना स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, मतगणना एजेंटों के प्रवेश-निकास के प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और निष्पक्षता बनाए रखने के बारे में कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
सुरक्षा के लिहाज से मतगणना स्थल पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। इनमें अपर पुलिस अधीक्षक: दो, क्षेत्राधिकारी: चार, निरीक्षक: 18, उपनिरीक्षक: 72, महिला उपनिरीक्षक: 11, हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल: 230, महिला कांस्टेबल: 74, ट्रैफिक पुलिस: 22 शामिल हैं। इनके अलावा पीएसी की तीन कंपनियां भी तैनात रहेंगी।
इसके अतिरिक्त मतगणना केंद्रों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल तैनात कर गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। साइबर टीम सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर रख रही है, ताकि अफवाह या भ्रामक खबरें न फैल सकें।
एसएसपी अजय गणपति ने चेतावनी दी है कि मतगणना में बाधा डालने, शांति व्यवस्था भंग करने या अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित