देहरादून , सितम्बर 08 -- उत्तराखंड राज्य चुनाव आयुक्त सुशील कुमार द्वारा राज्य के ऊधमसिंहनगर जिला अन्तर्गत किच्छा एवं सिरौलीकलां नगर पालिका परिषद् के अध्यक्षों तथा उनके सदस्यों के चुनाव के लिए मंगलवार को अधिसूचना जारी की।

श्री कुमार ने बताया कि इस चुनाव में वही प्रक्रिया अपनाई जायेगी, जो राज्य चुनाव आयोग द्वारा नागर स्थानीय निकाय निर्वाचन के लिए निर्धारित एवं निर्देशित है। उन्होंने बताया कि निर्धारित समय सारिणी के अनुसार 10 से 11 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न पांच बजे तक नाम निर्देशन पत्रों को प्राप्त किया जायेगा। 12 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच, 13 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की वापसी, 14 सितम्बर को पूर्वाह्न 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीक आवंटन किया जायेगा। जबकि 22 सितम्बर को पूर्वाह्न आठ बजे से अपराह्न पांच बजे तक मतदान तथा 24 सितम्बर को पूर्वाह्न आठ बजे से कार्य की समाप्ति तक मतगणना की जायेगी।

श्री कुमार ने कहा कि नाम निर्देशन पत्रों को प्राप्त करने, नाम निर्देशन पत्रों की जांच एवं वापसी, निर्वाचन प्रतीक आवंटन की कार्यवाही तथा मतगणना संबंधित निर्वाचन अधिकारियों (रिटर्निंग आफिसर्स)/ सहायक निर्वाचन अधिकारियों (असिस्टेंट रिटर्निग आफिसर्स) द्वारा जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्धारित स्थान पर की जायेगी। उक्त समय-सारणी के दौरान पड़ने वाले समस्त सार्वजनिक अवकाश दिवस पर भी सभी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित