कोंडागांव , अप्रैल 13 -- छत्तीसगढ में कोंडागांव के राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर केशकाल घाट के पास सोमवार को यात्री बस और ट्रक की टक्कर में नौ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत सामान्य बताई गई है।
केशकाल थाना प्रभारी विकास ने यूनीवार्ता को बताया कि यह घटना आज सुबह लगभग 11 बजे केशकाल थाना क्षेत्र अंतर्गत दादरगढ़ के पास हुई, जहां रायपुर की एक निजी ट्रैवल्स की बस और नारायणपुर जिले से आ रहा लोहे का अयस्क लदा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक वाहन में ही फंस गया। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से चालक को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। चालक के सिर में चोट आई है।
केशकाल थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे में कुल नौ लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल कांकेर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है, लेकिन एहतियात के तौर पर एक-दो दिन तक निगरानी में रखा जाएगा।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में घायलों के बयान के आधार पर प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। प्रारंभिक रूप से बस चालक को आरोपी बनाया जाएगा। मामले की विवेचना के दौरान बस मालिक और ट्रक मालिक की भूमिका की भी जांच की जाएगी तथा लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के आरोप में अलग से प्रकरण दर्ज किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि केशकाल घाट क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं सामने आ रही हैं। स्थानीय स्तर पर ओवरस्पीड, ओवरलोडिंग और यातायात नियमों के उल्लंघन को इन हादसों का प्रमुख कारण माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित