फर्रुखाबाद , मार्च 1 -- उत्तर प्रदेश में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल अंतर्गत कासगंज-लखनऊ रेल खंड पर फर्रुखाबाद होकर गुजरने वाली एकमात्र 55345/55346 पैसेंजर ट्रेन को आगामी 1 अप्रैल से 14 मई के बीच कुल 43 फेरों के लिए निरस्त कर दिया गया है। वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा ने रविवार को बताया कि उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में कानपुर पुल वाया किनारा कानपुर सेंट्रल के मध्य ब्रिज संख्या 110 पर इंजीनियरिंग कार्य के लिए 42 दिन का मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसी कारण कासगंज-लखनऊ रेल खंड पर संचालित उक्त पैसेंजर ट्रेन को अस्थायी रूप से निरस्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि लखनऊ से चलने वाली 55345 पैसेंजर ट्रेन 2 अप्रैल से 14 मई 2026 तक निरस्त रहेगी, जबकि कासगंज से चलने वाली 55346 पैसेंजर ट्रेन 1 अप्रैल से 13 मई 2026 तक रद्द रहेगी।
रेल प्रशासन ने इस अवधि में यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है और वैकल्पिक व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित