कासगंज , जून 6 -- कासगंज जिले में हजारा नहर के नदरई पुल के पास नहाने के दौरान तीन सगे भाइयों सहित चार युवक पानी में डूब गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, हाथरस जिले के सिकंदराराऊ क्षेत्र के टिकरी कला गांव से कुछ युवक पिकनिक मनाने के लिए कासगंज के नदरई पुल पहुंचे थे। इसी दौरान नहर में नहाते समय चार युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। बचाव दल ने एक युवक को सकुशल बाहर निकाल लिया, जबकि तीन अन्य लापता हैं और उनकी तलाश जारी है।
सूचना पर पुलिस प्रशासन की कई टीमें मौके पर पहुंच गईं। गोताखोरों तथा स्थानीय बचावकर्मियों की मदद से नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। डूबे युवकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए हैं। घटना के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। लापता युवकों की खोज के लिए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
यह घटना कासगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित हजारा नहर के नदरई पुल के पास हुई है। प्रशासन ने लोगों से नहरों और गहरे जलाशयों में सावधानी बरतने की अपील की है। फिलहाल, समाचार लिखे जाने तक तीन लापता युवकों का पता नहीं चल सका था और खोज अभियान जारी था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित