कासगंज , जून 22 -- उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के सोरों कोतवाली क्षेत्र में एक बुजुर्ग के साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सोरों क्षेत्र के नगला पल्टू गांव निवासी रामविलास (60) के चेहरे पर कालिख पोतकर उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाई गई और गांव में घुमाया गया। वायरल वीडियो में कुछ लोगों द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
ग्रामीणों का आरोप है कि रामविलास ने गांव की कुछ महिलाओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिससे नाराज होकर कुछ लोगों ने उनके साथ यह व्यवहार किया। मामले को लेकर गांव में तनावपूर्ण चर्चा का माहौल बना हुआ है। कुछ ग्रामीणों ने आरोपों के समर्थन में ऑडियो क्लिप भी पुलिस को उपलब्ध कराई हैं। हालांकि पुलिस का कहना है कि इन ऑडियो की सत्यता की अभी पुष्टि नहीं हुई है और उनकी तकनीकी जांच कराई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर सोरों कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से पूछताछ की। पुलिस ने वायरल वीडियो को साक्ष्य के रूप में संज्ञान में लेकर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पीड़ित रामविलास की तहरीर पर सोरों कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में बुजुर्ग का मुंह काला करने, जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में घुमाने तथा मारपीट करने के आरोप में गांव के ही तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी सुश्री आंचल चौहान ने बताया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित