फर्रुखाबाद , जुलाई 25 -- रेल मंत्रालय द्वारा यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल को एक नई सौगात मिलने जा रही है। कासगंज-ऐशबाग-कासगंज के बीच प्रतिदिन संचालित होने वाली नई एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ रविवार 26 जुलाई को उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर किया जाएगा।
इज्जतनगर मंडल के रेल प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि नियमित रूप से संचालित होने वाली ट्रेन संख्या 15312/15311 कासगंज-ऐशबाग-कासगंज एक्सप्रेस के शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा तथा केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग एवं इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि उझानी रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस अवसर पर बदायूं के सांसद आदित्य यादव, बिल्सी के विधायक हरीश चंद्र शाक्य तथा विधान परिषद सदस्य वागीश पाठक उपस्थित रहेंगे। वहीं पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि होंगे। उनके साथ विधायक बाबूराम पासवान तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता भी मौजूद रहेंगे।
समारोह में पूर्वोत्तर रेलवे इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक भी भाग लेंगे।
उद्घाटन विशेष गाड़ी संख्या 05018 उझानी रेलवे स्टेशन से दोपहर 12:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन बदायूं (12:17 बजे), बरेली (13:10 बजे), इज्जतनगर (13:45 बजे), पीलीभीत (14:45 बजे), पूरनपुर (15:52 बजे), मैलानी (16:55 बजे), गोला गोकर्णनाथ (17:30 बजे), लखीमपुर (18:05 बजे), सीतापुर (19:15 बजे), सिधौली (19:47 बजे) तथा मोहिबुल्लापुर (20:22 बजे) होते हुए रात 21:10 बजे ऐशबाग जंक्शन पहुंचेगी।
रेल प्रवक्ता के अनुसार उद्घाटन विशेष गाड़ी 16 एलएचबी कोचों के साथ संचालित होगी। इसमें एक पावर कार, एक एसएलआर कोच, चार सामान्य द्वितीय श्रेणी, नौ नॉन-एसी चेयर कार तथा एक वातानुकूलित चेयर कार शामिल होगी।
उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा के शुरू होने से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, नौकरीपेशा लोगों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा। साथ ही बरेली, बदायूं, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और लखनऊ के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा, जिससे क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन, शिक्षा तथा सामाजिक-आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित