वाराणसी , अक्टूबर 10 -- शारदीय नवरात्र के दौरान वाराणसी नगर निगम क्षेत्र में 11 से 19 अक्टूबर तक मांस, मछली और मुर्गी की सभी दुकानें बंद रहेंगी। इसके अलावा शासनादेश के तहत सभी धार्मिक स्थलों एवं मंदिरों के 500 मीटर के दायरे में तथा नगर निगम सदन के प्रस्ताव के अनुपालन में श्री काशी विश्वनाथ धाम को केंद्र मानकर दो किलोमीटर की परिधि में मांस की बिक्री, उपयोग और पशुवध पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज ने बताया कि शारदीय नवरात्र 11 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने यह निर्णय लिया है। सभी जोन के कर्मचारियों को अभियान चलाकर आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसी बीच, भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर काशी के नमो घाट पर आयोजित होने वाले 'एरियल डिस्प्ले-2026' को शासन ने राज्य स्तरीय आयोजन घोषित किया है। जिला प्रशासन ने आयोजन के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, 22, 23 और 25 अक्टूबर को एयर शो होगा, जबकि 26 अक्टूबर को वैकल्पिक दिवस के रूप में रखा गया है।

एयर शो के दौरान लड़ाकू विमानों की सुरक्षा और पक्षियों से टकराने की आशंका को कम करने के लिए नमो घाट के 20 से 30 किलोमीटर के दायरे में 19 से 26 अक्टूबर तक मांस-मछली की बिक्री और कटाई पर प्रतिबंध रहेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक, इस अवधि में शहर और आसपास के क्षेत्रों में पक्षियों की गतिविधियों को नियंत्रित करने के उद्देश्य से नगर निगम विशेष स्वच्छता अभियान चलाएगा।

गंगा घाटों पर संभावित भारी भीड़ को देखते हुए नदी के गहरे जल क्षेत्रों में बैरिकेडिंग की जा रही है और चेतावनी बोर्ड लगाए जा रहे हैं। संवेदनशील मार्गों पर भी अवरोधक लगाए जाएंगे, ताकि दर्शक गहरे पानी की ओर न जा सकें। पर्यटकों और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल शौचालय भी स्थापित किए जा रहे हैं।

राज्य सरकार, जिला प्रशासन और नगर निगम प्रशासन आयोजन को सुरक्षित एवं सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित