चंडीगढ़ , अप्रैल 20 -- पंजाब सरकार के सांस्कृतिक मामलों और पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली ने श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश पर्व के अवसर पर काशी (वाराणसी) के लिए विशेष ट्रेन चलाने की केंद्र सरकार से अपील की है।

श्री बाली ने सोमवार को बताया कि पंजाब सरकार फरवरी 2026 से फरवरी 2027 तक इस पवित्र अवसर को भव्य स्तर पर मना रही है। वर्षभर चलने वाले कार्यक्रमों के तहत देशभर में, विशेषकर गुरु साहिब से जुड़े स्थलों पर कीर्तन दरबार और धार्मिक शोभायात्राएं आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को गुरु साहिब के जन्मस्थल और तपस्थली काशी में दर्शन कराने के लिए पंजाब सरकार ने पूरे साल विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। इस संबंध में 30 मार्च को आईआरसीटीसी को पत्र भी भेजा गया था, लेकिन लगभग एक महीना बीत जाने के बावजूद केंद्र सरकार या रेलवे विभाग की ओर से कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को उन्होंने व्यक्तिगत रूप से भी रेलवे के समक्ष उठाया है, लेकिन अब तक केवल "विचाराधीन" जैसे जवाब ही मिले हैं, जो श्रद्धालुओं के प्रति उचित व्यवहार नहीं है।

श्री बाली ने केंद्र सरकार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू से अपील की कि इस पवित्र विषय को राजनीति का शिकार न बनने दें।उन्होंने कहा कि यह केवल आम आदमी पार्टी सरकार की मांग नहीं, बल्कि लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का विषय है। केंद्र सरकार को इसे राजनीतिक नजरिए से नहीं देखना चाहिए। विशेष रूप से श्री बिट्टू से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे पंजाब के प्रतिनिधि के रूप में गुरु के सेवक बनकर इन ट्रेनों की जल्द स्वीकृति सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित