वाराणसी , सितंबर 7 -- काशी के शहरी ढांचे को आधुनिक बनाने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की दिशा में भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) ने सोमवार को कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद से 69.21 करोड़ रुपये से अधिक की दो परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इसके तहत 48 करोड़ रुपये से वाराणसी के 119 सार्वजनिक पार्कों का पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण तथा सारनाथ और मैदागिन में दो आधुनिक फूड स्ट्रीट हब विकसित किए जाएंगे।

ताज होटल में आयोजित समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी, मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और बीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय खन्ना की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। पार्कों में लैंडस्केपिंग, वॉकिंग पाथवे, ओपन जिम, बच्चों के खेल उपकरण, जल निकासी, प्रकाश और बागवानी जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। फूड स्ट्रीट हब में व्यवस्थित वेंडिंग व्यवस्था, जल एवं स्वच्छता सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी, सौर प्रकाश और आगंतुक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

वहीं, वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) के साथ 21.21 करोड़ रुपये के एमओयू के तहत ठठेरी हेरिटेज गली से काल भैरव मंदिर तक विरासत गलियारे का विकास, गोदौलिया चौराहा से मैदागिन चौराहा तक अग्रभाग (फसाड) का सौंदर्यीकरण तथा मणिकर्णिका घाट से मणिकर्णिकेश्वर मंदिर तक जाने वाली गली का पुनर्विकास किया जाएगा।

इन कार्यों में विरासत अनुकूल सड़क, पत्थर की पक्की सड़क, हेरिटेज लाइट, साइनबोर्ड, स्ट्रीट फर्नीचर, भित्ति चित्र और पैदल यात्रियों के अनुकूल सुविधाएं विकसित होंगी। 36 महीने में पूरी होने वाली परियोजनाओं से पर्यटन, नागरिक सुविधाओं और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित