वाराणसी , मई 8 -- काशी अब ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण के खिलाफ जंग में आधुनिक तकनीक का सहारा लेगी। नगर निगम ने शहरवासियों को भीषण गर्मी से बचाने के लिए 'राहत सिस्टम' और स्कूलों में 'कूल रूफ' जैसी योजनाओं को धरातल पर उतारना शुरू कर दिया है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को बताया कि निगम ने स्कूलों और मलीन बस्तियों को गर्मी से बचाने के लिए 'कूल रूफ कोटिंग' का निर्णय लिया है। जेपी मेहता इंटर कॉलेज से शुरू हुई इस योजना को 100 विद्यालयों तक विस्तारित किया जाएगा। यह विशेष रिफ्लेक्टिव पेंट सूर्य की किरणों को परावर्तित कर छतों को ठंडा रखेगा।

उन्होने बताया कि शहर के प्रमुख स्थलों और चौराहों (मैदागिन, गोदौलिया, लहरतारा, वरुणा पुल) पर 'राहत सिस्टम' (मिस्ट गन) लगाने का प्रस्ताव है। यह नवीन वायुमंडलीय प्रणाली विशेष द्रव को सूक्ष्म कणों में बदलकर वातावरण में फैलाती है, जिससे भीषण गर्मी में तापमान को 10 से 12 डिग्री सेल्सियस तक कम किया जा सकता है।

इसके साथ ही, मैदागिन में पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए अस्सी घाट की तर्ज पर मैदागिन में भी मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का निर्णय लिया गया है। इस क्रम में 100 वाहनों की क्षमता वाली मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस पार्किंग से मैदागिन पर लगने वाले जाम से बड़ी राहत मिलेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित