वाराणसी , जून 16 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में काशी रेलवे स्टेशन के पास से एक और मस्जिद हटायी जाएगी। रेलवे प्रशासन की ओर से नोटिस चस्पा कर इसकी जानकारी दी गई है।

काशी रेलवे स्टेशन को मॉडल स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। कुछ दिनों पहले भी एक मस्जिद को हटाया गया था। रेलवे प्रशासन ने मस्जिद को हटाने के लिए 20 जून तक की समय-सीमा दी है।

कैंट स्टेशन अधीक्षक अर्पित गुप्ता ने बताया कि काशी स्टेशन के विस्तारीकरण को लेकर स्टेशन परिसर के आसपास के अतिक्रमणों को चिह्नित कर हटाने की प्रक्रिया चल रही है। इसी क्रम में मस्जिद हटाने के संबंध में भी नोटिस चस्पा किया गया है।

श्री गुप्ता ने बताया कि रेलवे प्रशासन ने मस्जिद प्रबंधन को 20 जून तक का समय दिया है। नोटिस में साफ तौर पर कहा गया है कि यह भूमि रेलवे की है। प्रस्तावित विकास कार्यों को देखते हुए मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित