वाराणसी , अगस्त 29 -- स्वाइन फ्लू (इन्फ्लुएंजा-ए/एच1एन1) की रोकथाम और जनसामान्य को बीमारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

डा सिंह ने जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के साथ-साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक बेड आरक्षित रखने तथा स्वाइन फ्लू के उपचार में प्रयुक्त आवश्यक औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू एक संक्रामक श्वसन रोग है, जो संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने अथवा बोलने के दौरान निकलने वाली श्वसन बूंदों के संपर्क में आने से फैल सकता है। बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर एवं मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक थकान और कमजोरी इसके प्रमुख लक्षण हैं। कुछ मामलों में उल्टी अथवा दस्त की शिकायत भी हो सकती है।

डॉ. सिंह ने कहा कि विशेष रूप से बुजुर्गों, छोटे बच्चों, गर्भवती महिलाओं तथा पहले से किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों में लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से खांसते और छींकते समय नाक एवं मुंह को रूमाल या टिश्यू से ढकने, साबुन और पानी से नियमित रूप से हाथ धोने अथवा हैंड सैनिटाइजर का इस्तेमाल करने तथा बुखार, खांसी या अन्य श्वसन संबंधी लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की।

उन्होंने संक्रमित अथवा बीमार व्यक्ति के संपर्क में आने से बचने, इस्तेमाल किए गए टिश्यू को खुले में नहीं फेंकने, पर्याप्त आराम और तरल पदार्थों का सेवन करने तथा चिकित्सकीय परामर्श के बिना एंटीबायोटिक या अन्य दवाओं का सेवन नहीं करने की सलाह दी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और स्वास्थ्य केंद्र प्रभारियों को स्वाइन फ्लू के लक्षण वाले व्यक्तियों की समय पर पहचान, चिकित्सकीय जांच, उपचार और आवश्यकता के अनुसार रेफरल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चिन्हित व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक जानकारी निर्धारित पोर्टल पर समय से अपलोड करने तथा स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक औषधियों, जांच और उपचार संबंधी संसाधनों की उपलब्धता की नियमित समीक्षा करने को कहा। उन्होंने जनसामान्य से अपील की कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखाई देने पर घबराएं नहीं, बल्कि समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित