वाराणसी , जून 20 -- वाराणसी नगर निगम द्वारा शनिवार को चलाए गए वृहद स्वच्छता अभियान के तहत हाईटेक निगरानी के बीच सामान्य दिनों की तुलना में 8,750 किलोग्राम अतिरिक्त कूड़े का उठान किया गया।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के नेतृत्व में संचालित इस विशेष अभियान के तहत नगर निगम की टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक पार्कों, धार्मिक स्थलों, खाली पड़े प्लॉटों, गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट (जीवीपी), नाला-नालियों सहित कुल 88 महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया। इस दौरान सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई कर उन्हें चमका दिया गया।
अभियान को सफल बनाने के लिए सुबह से ही 940 विशेष सफाई कर्मचारियों को मैदान में उतारा गया। वहीं, कचरा उठान और सिल्ट की त्वरित सफाई के लिए नगर निगम ने 128 छोटे-बड़े वाहनों को लगाया। मुख्य सफाई निरीक्षकों और सफाई नायकों ने कर्मचारियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कर अभियान को गति प्रदान की।
अभियान के दौरान 14 खाली प्लॉट, 22 जीवीपी प्वाइंट, दो धार्मिक स्थल, 10 नालियां, 10 पार्क, एक बाजार, 10 सड़कें तथा 19 सार्वजनिक स्थलों की विशेष सफाई कराई गई। शहर में प्रतिदिन औसतन 1,200 से 1,300 टन कूड़ा निकलता है, लेकिन शनिवार को चले इस विशेष अभियान के परिणामस्वरूप नियमित कचरे के अतिरिक्त बड़ी मात्रा में अतिरिक्त कचरा भी उठाया गया।
अभियान के तहत कर्मदेश्वर महादेव क्षेत्र, चौक थाना से काशी विश्वनाथ मंदिर मार्ग, रेवड़ी तालाब, सारनाथ स्थित सुहेलदेव पार्क, रंगोली गार्डन, शिवपुर सब्जी मंडी, कपिलधारा, आशापुर चौराहा, नाटी इमली भारत मिलाप स्थल, विश्वेश्वरगंज, आईपी सिगरा, भारत माता मंदिर, शास्त्री पार्क और संकट मोचन पार्क समेत अनेक प्रमुख स्थलों की विशेष सफाई की गई। नालियों से निकाली गई सिल्ट तथा सड़कों के किनारे जमा मलबे को तत्काल वाहनों के माध्यम से डंपिंग साइट तक पहुंचाया गया, जिससे लोगों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिली।
सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही रोकने के लिए नगर आयुक्त के निर्देश पर इस बार हाईटेक डिजिटल निगरानी भी की गई। सभी 21 सब-जोनों में तैनात नोडल अधिकारियों और सफाई निरीक्षकों ने कार्य प्रारंभ होने से पूर्व तथा कार्य पूर्ण होने के बाद की जियो-टैग्ड तस्वीरें और वीडियो आधिकारिक व्हाट्सएप समूहों में साझा किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित