वाराणसी , जून 5 -- विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था आशा ट्रस्ट एवं लोक समिति के तत्वावधान में प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम नागेपुर के युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण एवं जागरूकता को लेकर विशेष दीवार-लेखन अभियान चलाया। अभियान के तहत कार्यकर्ताओं ने हाईवे के किनारे, गांवों एवं सार्वजनिक स्थलों की दीवारों पर पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रेरणादायक संदेश लिखकर लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ", "स्वच्छ पर्यावरण, स्वस्थ जीवन", "जल, जंगल और जमीन बचाओ", "हरियाली है जीवन की खुशहाली" तथा "प्रकृति का सम्मान, मानवता का कल्याण" जैसे संदेश दीवारों पर अंकित किए।

अभियान का उद्देश्य आम लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना तथा उन्हें वृक्षारोपण, जल संरक्षण और स्वच्छता के लिए प्रेरित करना था।

इस अवसर पर लोक समिति संयोजक नंदलाल मास्टर ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण, जल संकट और प्राकृतिक संसाधनों के अंधाधुंध दोहन जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। यदि हम प्रकृति के प्रति संवेदनशील नहीं हुए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर संकटों का सामना करना पड़ेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित