वाराणसी , सितंबर 21 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत काशी में 'नमो सेवा-अनकही कहानियां' विशेष नाट्य प्रस्तुति का आयोजन किया जाएगा। अभिनय, संगीत और प्रभावशाली संवादों के माध्यम से जनसेवा, संघर्ष, सुशासन और राष्ट्रनिर्माण से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया जाएगा।
भाजपा महानगर कार्यालय गुलाब बाग में सोमवार को महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि यह केवल नाट्य मंचन नहीं, बल्कि कला के माध्यम से जनसंवाद का प्रयास है। गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर देश के प्रधानमंत्री तक की यात्रा में सेवा, संघर्ष और सुशासन से जुड़े प्रसंगों को कलाकार मंच पर प्रस्तुत करेंगे।
उन्होंने बताया कि 'नमो सेवा गाथा' पखवाड़े के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक वाराणसी के विभिन्न क्षेत्रों में 15 सदस्यीय कलाकारों का दल नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं और सामाजिक दायित्वों का संदेश देगा। इसके अलावा स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक भवनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन को राष्ट्रनिर्माण से जुड़े संकल्पों से जोड़ना है।
अग्रहरि के अनुसार, छह से नौ अक्टूबर तक डेलवरिया मंदिर, गुरुनानक चौराहा, सरसौली अखाड़ा, हुकुलगंज, सारनाथ म्यूजियम, नाटी इमली, मलदहिया और पुलिस लाइन चौराहे पर नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया जाएगा। वहीं, 10 से 14 अक्टूबर तक प्रहलाद घाट स्थित विनोद बाजार, थाना चौक, मच्छोदरी पार्क, राजघाट हनुमान मंदिर, चेतगंज, पिशाच मोचन, मैदागिन और अलईपुर स्टेशन पर प्रस्तुतियां होंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित