वाराणसी , जून 9 -- सूर्यदेव के तीखे तेवर और लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। चिलचिलाती धूप के कारण लोगों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसे देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने शहर में आने वाले श्रद्धालुओं और स्थानीय राहगीरों को राहत देने के लिए सराहनीय पहल की है।
गंगा स्नान के बाद बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अब कड़ी धूप का सामना नहीं करना पड़ेगा। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर नगर निगम ने दशाश्वमेध घाट से काशी विश्वनाथ गली के मोड़ तक लगभग 75 मीटर क्षेत्र में विशेष 'ग्रीन शेड' (हरा पर्दा) लगवाया है।
इस व्यवस्था से बाबा के दर्शन-पूजन के लिए कतारों में खड़े रहने वाले तथा तंग गलियों से गुजरने वाले देश-विदेश के हजारों श्रद्धालुओं को सीधी धूप से काफी राहत मिलेगी। इसके अलावा नगर निगम ने मलदहिया, रथयात्रा, तेलियाबाग समेत शहर के अन्य प्रमुख तिराहों और चौराहों पर भी बड़े-बड़े ग्रीन नेट लगवाए हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को छांव मिल सके तथा वे हीट स्ट्रोक (लू) के खतरे से बच सकें।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, आने वाले दिनों में शहर के अन्य व्यस्त तिराहों और चौराहों को भी इस योजना के तहत शामिल किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित