वाराणसी , जुलाई 13 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा के 14 जुलाई को प्रथम काशी आगमन पर काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की ओर से रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
काशी क्षेत्र महिला मोर्चा की अध्यक्ष नम्रता चौरसिया ने सोमवार को क्षेत्रीय कार्यालय में स्वागत तैयारियों को लेकर आयोजित पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा 14 जुलाई को पूर्वाह्न 10 बजे रोहनिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचेंगी, जहां वाराणसी जिला एवं महानगर महिला मोर्चा की कार्यकर्ता पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करेंगी।
श्रीमती चौरसिया ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष उसी दिन दोपहर 12 बजे से क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करेंगी। बैठक में काशी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी 16 जिलों की महिला मोर्चा जिला कार्यसमितियों की पदाधिकारी भाग लेंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित