वाराणसी , मई 29 -- वाराणसी के जिलाधिकारी एवं जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के अध्यक्ष की अध्यक्षता में जनपद में पर्यटन विकास से संबंधित परियोजनाओं एवं पर्यटक सुविधाओं को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई।

बैठक में पर्यटन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान कुछ परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की और तेज गति से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कुंवर में काली मंदिर के पर्यटन विकास, भैरव नाथ तालाब के पर्यटन विकास, करखियाव में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से संबंधित पर्यटन विकास, विधानसभा क्षेत्र अजगरा अंतर्गत शिव मंदिर का पर्यटन विकास, क्रमेदेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास, माधोपुर स्थित शुलटकेश्वर महादेव मंदिर का पर्यटन विकास आदि कार्यों में हो रहे विलंब पर सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब करने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध नियमानुसार पेनाल्टी लगाई जाए।

जिलाधिकारी ने लमही स्थित मुंशी प्रेमचंद के आवास को संग्रहालय के रूप में विकसित किए जाने के कार्य में आ रही बाधाओं को तुरंत दूर कर अपेक्षित कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने गंगा घाटों के पुनर्विकास एवं अस्सी घाट के जीर्णोद्धार कार्य को तेज गति से कराने के भी निर्देश दिए।

सारनाथ पर्यटक आवास गृह एवं परेड कोठी स्थित टूरिस्ट बंगले में पर्यटकों की सुविधाओं के दृष्टिगत चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने सारनाथ स्थित धमेख स्तूप पर लाइट एंड शो के कार्य को जल्द शुरू कराने तथा पर्यटकों के बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में कपिलधारा मंदिर, गुरुधाम मंदिर, नागा बाबा मंदिर, नमो घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पीए सिस्टम एवं स्टेज लाइटिंग सहित अन्य पर्यटन विकास परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में उपस्थित पर्यटन संबंधी विभिन्न संगठनों ने ई-रिक्शा/टोटो के व्यवस्थित संचालन, गंगा में नावों के सुव्यवस्थित संचालन तथा प्रमुख पर्यटन स्थलों पर किराए के डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाने का सुझाव दिया। जिलाधिकारी ने इन सभी बिंदुओं पर नियमानुसार समुचित कार्यवाही करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने गंगा घाटों पर मादक पदार्थों के सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध हेतु सूचना डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाने के भी निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित