वाराणसी , जुलाई 14 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी नगर निगम ने शहर की सुंदरता को प्रभावित करने वाले अवैध पोस्टर, बैनर और दीवारों पर की जाने वाली अवैध पेंटिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाने का निर्णय लिया है। बिना अनुमति सार्वजनिक स्थानों और दीवारों पर पोस्टर चस्पा करने या पेंटिंग कर प्रचार-प्रसार करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को बताया कि शहर की दीवारों को गंदा करने तथा यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अवैध होर्डिंग, पोस्टर और बैनरों के विरुद्ध शीघ्र ही व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत पूरे शहर से अवैध प्रचार सामग्री हटाकर जब्त की जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वाली चिन्हित संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने सभी निजी एवं व्यावसायिक संस्थानों से अपील की कि वे तत्काल अपने स्तर पर लगाए गए अवैध पोस्टर, बैनर और अन्य प्रचार सामग्री हटा लें। अन्यथा नगर निगम इन्हें हटाकर कार्रवाई करेगा और इस पर आने वाला व्यय संबंधित संस्था या व्यक्ति से जुर्माने के रूप में वसूला जाएगा।
नगर आयुक्त ने नागरिकों एवं व्यावसायिक संगठनों से काशी को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों अथवा दीवारों पर किसी भी प्रकार की पेंटिंग, पोस्टर या बैनर लगाने से पहले नगर निगम से नियमानुसार अनुमति लेना अनिवार्य है। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आर्थिक दंड के साथ आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी (एफआईआर) भी दर्ज कराई जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित