वाराणसी , अक्टूबर 08 -- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित 'सेवा संकल्प माह' के तहत वाराणसी के सिगरा स्टेडियम में नौ से 11 अक्टूबर तक होने वाली टी-20 राष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेट प्रतियोगिता 'सेवा संकल्प ट्रॉफी' का अनावरण गुरुवार को होटल ताज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया।
प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, दिल्ली, बिहार और राजस्थान की टीमें हिस्सा लेंगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री नवीन ने कहा कि दिव्यांगता मन की होती है, शरीर की नहीं। आज देश और प्रदेश में ऐसी सरकार है, जो दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन किसी से कम नहीं हैं और अवसर मिलने पर वे अपनी प्रतिभा के माध्यम से देश का नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करेगी।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्देश्य दिव्यांगजनों का मनोबल बढ़ाना, उनमें नई उम्मीद और आत्मविश्वास जगाना तथा खेल के माध्यम से समावेशी भारत के निर्माण का संदेश देना है।
ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने श्री नवीन को प्रतियोगिता की रूपरेखा और तैयारियों से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की दिव्यांग क्रिकेट टीमें हिस्सा लेंगी और यह आयोजन दिव्यांग खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए सशक्त मंच प्रदान करेगा।
कार्यक्रम का संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव संजय चौरसिया ने किया। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दिव्यांगजन उनके साथ हैं। संयोजक वीरभद्र सिंह ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पद्मश्री विमल जैन, ट्विन्स ब्रदर्स राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता, अखिलेश यादव, रोशन द्विवेदी, शशि भूषण त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित