वाराणसी , मार्च 14 -- उत्तर प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को सर्किट हाउस सभागार में गेल के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने पाइपलाइन के माध्यम से घर-घर दिए जाने वाले गैस कनेक्शन की धीमी प्रगति पर असंतोष जताया और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने निर्देशित किया कि रविवार से शहर के सभी 8 जोनल कार्यालयों पर विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को तत्काल कनेक्शन दिए जा सकें। श्री जायसवाल ने बताया कि गेल द्वारा दी जा रही रसोई गैस सेवा के लिए आवेदन करने पर अब एक सप्ताह के भीतर कनेक्शन लगा दिया जाएगा। आंकड़ों के अनुसार, अब तक 68,196 घरों में 1,22,946 कनेक्शन दिए जा चुके हैं।वरुणा पार क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में गैस पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्र का 80 प्रतिशत हिस्सा कवर हो चुका है और ग्रामीण क्षेत्रों तक मुख्य पाइपलाइन का विस्तार कर दिया गया है। बिछाई गई ब्रांच लाइनों की तुलना में कनेक्शनों की संख्या कम होने पर उन्होंने चिंता जताई और 'अभियान मोड' में कार्य करने को कहा। वर्तमान में जनपद में 102 किमी स्टील हाई प्रेशर लाइन और 1450 किमी प्लास्टिक लो प्रेशर लाइन बिछाई जा चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित