वाराणसी , मई 22 -- गंगा में नाव पर बिरयानी पार्टी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के बाद अब वाराणसी पुलिस गंगा स्नान के दौरान बीयर पीने के मामले में कार्रवाई करने में जुट गई है।

आरोपी युवक के खिलाफ बनारस बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधि प्रकोष्ठ के काशी क्षेत्र के संयोजक शशांक शेखर त्रिपाठी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सहायक पुलिस आयुक्त डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि सूचना मिलते ही वीडियो का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी गई। युवक की पहचान कर ली गई है। सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। युवक को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस टीम जल्द ही बिहार रवाना होगी। धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में युवक के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी है।

शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि माँ गंगा करोड़ों सनातनी हिंदुओं की आस्था से जुड़ी हैं। गंगा में बीयर पीना बड़ा अपराध है। ऐसे लोगों पर ठोस कार्रवाई न होने के कारण इनका मनोबल बढ़ा हुआ है। कुछ दिनों पहले गंगा नाम पर बिरयानी पार्टी कर अवशेष गंगा में फेंक दिए गए थे। उस मामले में आरोपी को जेल भी हुई थी, फिर भी ऐसे कृत्य करने वालों को अभी सबक नहीं मिला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित