वाराणसी , मार्च 15 -- उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के तुलसी घाट पर रविवार को गोरखपुर से परिवार के साथ घूमने आए दो युवक गंगा स्नान के दौरान गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ ) और जल पुलिस की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद 18 वर्षीय निखिल गुप्ता को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। वहीं, 12 वर्षीय आयुष का अभी तक पता नहीं चल पाया है; उसकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान निरंतर जारी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों युवकों को गहरे पानी की चेतावनी देते हुए आगे न जाने को कहा गया था, क्योंकि इस घाट पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान अचानक पैर फिसलने से दोनों युवक गहरे पानी में चले गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब उन्हें रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने यह कहकर बात टाल दी कि उन्हें तैरना आता है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि एनडीआरएफ के गोताखोर और जल पुलिस की टीम लापता आयुष की खोज में जुटी है। इस हादसे के बाद घाट पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्यवाही शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित