वाराणसी , जुलाई 18 -- दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शनिवार शाम धार्मिक नगरी काशी के दशाश्वमेध घाट पर आयोजित होने वाले विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुईं। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों के साथ मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन-अर्चन किया तथा देशवासियों के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना करते हुए मां गंगा का आशीर्वाद लिया। उन्होंने गंगा तट पर दीप भी प्रज्वलित किया।

श्रीमती गुप्ता ने गंगा सेवा निधि की विजिटर बुक में लिखा, "आज मां गंगा की आरती में शामिल होकर मैं स्वयं को सौभाग्यशाली मान रही हूं। मां गंगा के चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करती हूं। सभी के कल्याण की कामना करती हूं। आपके राज्य के लिए भी सुख-समृद्धि की प्रार्थना करती हूं। मां गंगा मेरी प्रार्थना स्वीकार करें।"गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, कोषाध्यक्ष आशीष तिवारी तथा सचिव सुरजीत सिंह और हनुमान यादव ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।

मुख्यमंत्री लगभग 45 मिनट तक दशाश्वमेध घाट पर रहीं। इस दौरान वह कभी हाथ जोड़कर मां गंगा से प्रार्थना करतीं तो कभी गंगा आरती के दौरान श्रद्धाभाव से ताली बजाकर आरती में सहभागिता करती नजर आईं। पूरे कार्यक्रम के दौरान घाट पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित