वाराणसी , जुलाई 30 -- कांवड़ यात्रा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं के सम्मान को सुनिश्चित करने के लिए वाराणसी नगर निगम ने सावन माह के पहले दिन गुरुवार को शहरी सीमा के अंतर्गत कांवड़ मार्गों पर अवैध रूप से संचालित मांस, मछली एवं मुर्गा विक्रेताओं के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।
नगर निगम की टीम ने प्रतिबंध के बावजूद खुली मिली तीन दुकानों को मौके पर ही बंद करा दिया तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों से कुल 24,500 रुपये का जुर्माना वसूला।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के नेतृत्व में शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान भोजूबीर क्षेत्र में अवैध रूप से मीट बेच रहे एक विक्रेता पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसी प्रकार शिवपुर क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वाले एक दुकानदार से 4,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं अंधरापुल क्षेत्र में सावन माह के दौरान मीट-मांस की बिक्री, प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग तथा आसपास गंदगी फैलाने के आरोप में एक विक्रेता पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग करने पर एक अन्य दुकानदार से 5,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा और पूरे सावन माह के दौरान यह अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान शहर में अधिकांश मांस, मछली एवं मुर्गे की दुकानें बंद पाई गईं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित