वाराणसी , मार्च 21 -- वाराणसी में ईद की नमाज के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक और सतर्क सुरक्षा व्यवस्था की है। शहर की विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों पर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि त्योहार पूर्ण शांति व सद्भाव के साथ मनाया जा सके।

पुलिस उपायुक्त (वरुणा जोन) प्रमोद कुमार ने बताया कि विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखा जा रहा है कि सड़कों पर नमाज अदा न की जाए। कई स्थानों पर नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न भी हो चुकी है।

वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने साफ निर्देश जारी किए हैं कि ईद की नमाज किसी भी स्थिति में सड़क पर नहीं पढ़ी जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सड़कों पर नमाज पर रोक है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की। प्रमुख ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। नमाज निर्धारित समय पर संपन्न हो रही है तथा भीड़ प्रबंधन के लिए बैरिकेडिंग, ड्रोन सर्विलांस और सीसीटीवी निगरानी का उपयोग किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित