वाराणसी , जून 15 -- काशी के नमो घाट पर सोमवार को अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा उपस्थित रहे।

नमो घाट पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित पुरुषों एवं महिलाओं ने योग प्रशिक्षक दिनेश कुमार मौर्य एवं योग प्रशिक्षक आरती सिंह के निर्देशन में कॉमन योग प्रोटोकॉल के तहत विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया।

इस अवसर पर आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र 'दयालु' तथा एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने योग को स्वस्थ जीवन, मानसिक संतुलन एवं सकारात्मक सोच का आधार बताते हुए सभी नागरिकों से इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि योग भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का मार्ग दिखा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व एवं प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साहपूर्वक मनाया जाता है।

वक्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में योग, आयुष चिकित्सा एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा से योग आज जन-जन के जीवन का अभिन्न अंग बनता जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित