वाराणसी , अक्टूबर 22 -- वाराणसी के जंगमबाड़ी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक तीन मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ग्राउंड फ्लोर पर स्थित झाड़ू, वाइपर और पेंट की दुकान से शुरू हुई आग तेजी से पहली मंजिल पर संचालित आभूषण की दुकान और दूसरी मंजिल पर स्थित होटल तक फैल गई। इस दौरान दुकान में फंसे एक युवक को दमकलकर्मियों ने सीढ़ी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दमकल की पांच गाड़ियों ने आग पर काबू पाया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग की लपटें इमारत के बाहर तक निकल रही थीं, जबकि धुएं का घना गुबार करीब तीन किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। गंगा के दूसरी ओर से भी धुआं उठता नजर आया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दुकान से उठीं आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं। पेंट में मौजूद ज्वलनशील पदार्थों और दुकान में रखी अन्य सामग्री के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि इमारत की बाहरी दीवारों पर लगी फोल्डिंग संरचनाओं के कारण भी आग तेजी से फैलने की आशंका है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब 15 मिनट के भीतर आग तीनों मंजिलों तक पहुंच गई। हालांकि, घटना में हुए नुकसान और अन्य संभावित प्रभावित लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
घटनास्थल के आसपास घनी आबादी है। इमारत के बगल में बैंक और कई होटल स्थित हैं, जबकि कुछ दूरी पर सोफा और अलमारी का बाजार है। आग के आसपास की दुकानों तक फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने क्षेत्र के कुछ रास्तों पर आवागमन रोककर यातायात डायवर्ट कर दिया। साथ ही, लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई, ताकि दमकलकर्मियों को राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी न हो। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हैं लोगो के अनुसार शॉर्ट सर्किट से आग लगी होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित