वाराणसी , मई 18 -- धार्मिक नगरी काशी के गुलजार रहने वाले घाटों पर सोमवार सुबह से सन्नाटा पसरा दिखने लगा है। चिलचिलाती धूप और लू ने काशीवासियों के साथ-साथ आने वाले पर्यटकों को भी परेशान कर रखा है। 12 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही पछुआ हवा ने उमस बढ़ा दी है।
सुबह से ही तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पार करता दिख रहा है, जबकि न्यूनतम तापमान 27 डिग्री के आसपास है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दोपहर तक पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाएगा।
मौसम विज्ञान विभाग ने 19 से 21 मई के बीच लू को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो-तीन दिनों में तापमान में और भारी वृद्धि की संभावना जताई गई है। ऐसे में काशी आने वाले पर्यटक और श्रद्धालु होटलों व धर्मशालाओं के कमरों में ही रहने को मजबूर हो गए हैं। सिगरा-महमूरगंज स्थित एक होटल में ठहरे झारखंड के एक परिवार ने बताया कि वे कल ही काशी की धार्मिक यात्रा पर पहुंचे थे, लेकिन घाटों पर इतनी गर्मी है कि घाटों की सैर संभव नहीं हो पा रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित