वाराणसी , जुलाई 31 -- नगर निगम गंगापार स्थित कोदोपुर (डोमरी) क्षेत्र में लगभग 350 बीघा भूमि पर एक भव्य योग एवं वेलनेस सेंटर विकसित करेगा। इस परियोजना के साकार होने से न केवल गंगापार क्षेत्र का समग्र विकास होगा, बल्कि यह काशी के नए पर्यटन एवं वेलनेस हब के रूप में भी स्थापित होगा। नगर निगम ने इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने की प्रक्रिया तेज कर दी है।
नगर निगम के अनुसार प्रस्तावित परियोजना के तहत गंगापार के इस विस्तृत भूभाग को पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने प्रस्तावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
योजना के तहत लगभग 350 बीघा क्षेत्र में 60 मीटर चौड़ा भव्य पाथवे (वॉकिंग ट्रैक) बनाया जाएगा। इसके अलावा विशाल योग पार्क और ओपन जिम भी विकसित किए जाएंगे, जहां शहरवासी, श्रद्धालु और पर्यटक प्राकृतिक वातावरण में योग एवं व्यायाम कर सकेंगे। पूरे परिसर में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर इसे ग्रीन जोन के रूप में विकसित करने की भी योजना है।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने डोमरी क्षेत्र में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, पेयजल सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि काशी को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गंगापार कोदोपुर (डोमरी) में प्रस्तावित 350 बीघा का योग एवं वेलनेस सेंटर शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराएगा। यहां 60 मीटर चौड़ा पाथवे, ओपन जिम और योग की आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ छठ पर्व पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी उच्चस्तरीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित