वाराणसी , जुलाई 17 -- री-नीट यूजी 2026 में वाराणसी के आर्यन दुबे ने 720 में से 710 अंक प्राप्त कर देश में सातवीं रैंक और उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। आर्यन ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और शिक्षकों को देते हुए कहा कि उन्होंने दो वर्षों तक प्रतिदिन आठ से दस घंटे अध्ययन कर यह उपलब्धि हासिल की।
आर्यन ने बताया कि पेपर लीक की घटना के कारण कुछ समय के लिए मानसिक दबाव अवश्य बना था, लेकिन उन्होंने चुनौतियों से घबराने के बजाय दोगुने उत्साह के साथ तैयारी जारी रखी। उन्होंने कहा कि जीवन में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, इसलिए परिस्थितियों से विचलित होने के बजाय लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन ने उन्हें सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आर्यन की मां मोनू पाण्डेय और पिता प्रो. विकास पाण्डेय ने बेटे की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि आर्यन बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहा है और उसका लक्ष्य स्पष्ट था। उन्होंने बताया कि री-नीट की घोषणा के बाद वह कुछ परेशान अवश्य था, लेकिन परिवार और शिक्षकों ने उसे केवल तैयारी पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जो परिस्थितियां अपने नियंत्रण में नहीं हैं, उनकी चिंता करने के बजाय अवसर का बेहतर उपयोग करना चाहिए।
आकाश इंस्टीट्यूट, वाराणसी के ब्रांच निदेशक विष्णु देव तिवारी और आनंद प्रकाश पाण्डेय ने कहा कि आर्यन शुरू से ही मेधावी छात्र रहा है। उन्होंने बताया कि री-नीट परीक्षा के लिए भी उसने पूरी तैयारी की थी, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित