वाराणसी , सितंबर 3 -- वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) द्वारा कल्लीपुर क्षेत्र में विकसित की जा रही काशी की थीम पर आधारित पहली गेटेड सिटी 'आनंद काशी आवासीय योजना (फेज-1)' के संबंध में उपाध्यक्ष पूर्ण बोरा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा की। रेरा (रियल एस्टेट विनियामक प्राधिकरण) अनुमोदन की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और अगले सप्ताह से पंजीकरण शुरू होने की संभावना है।
करीब 4,56,398.69 वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही योजना में 1,004 आवासीय, 108 व्यावसायिक और तीन ग्रुप हाउसिंग भूखंडों समेत अन्य संस्थागत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। योजना में 72, 162, 200 और 288 वर्ग मीटर के आवासीय प्लॉट प्रस्तावित हैं। बेहतर आवागमन के लिए 24, 18, 12 और नौ मीटर चौड़ी सड़कों के साथ जलापूर्ति, सीवरेज, विद्युत और वर्षा जल निकासी जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। करीब दो हेक्टेयर में केंद्रीय पार्क बनाया जाएगा, जिसमें नटराज प्रतिमा, केंद्रीय प्लाजा, एम्फीथिएटर, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, मेडिटेशन गार्डन, वरिष्ठ नागरिक क्षेत्र, जॉगिंग ट्रैक और पैदल पथ जैसी सुविधाएं होंगी।
पर्यावरण संरक्षण के तहत योजना में न्यूनतम 15 प्रतिशत क्षेत्र हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। वहीं, करीब 3.71 एकड़ क्षेत्र में मियावाकी पद्धति से सघन वन विकसित किया जाएगा। श्री बोरा ने कहा कि करीब 30 वर्षों बाद विकसित की जा रही यह परियोजना आधुनिक नगरीय सुविधाओं, सुव्यवस्थित आवासीय विकास और पर्यावरणीय संतुलन के साथ काशी की सांस्कृतिक एवं वैदिक विरासत को जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी योजना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित