वाराणसी , मई 17 -- स्वच्छ और किफायती ऊर्जा की दिशा में गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन परियोजना के तहत एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट द्वारा संचालित यूनिट-1 एवं यूनिट-2 पर रविवार को नेचुरल गैस (पीएनजी) सेवा का शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर डॉ. नीलकंठ तिवारी, पूर्व मंत्री एवं विधायक वाराणसी दक्षिण, एच.के. गर्ग, कार्यकारी निदेशक (सीजीडी), गेल नोएडा तथा महंत शंकर पुरी महाराज, काशी अन्नपूर्णा मठ ने संयुक्त रूप से पीएनजी सेवा का उद्घाटन किया।

डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट पर पीएनजी सेवा शुरू होना बहुत बड़ी उपलब्धि है। यहां रोजाना हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं। पीएनजी सेवा शुरू होने से अब प्रसाद वितरण के कार्य में न वर्तमान में और न ही भविष्य में कोई बाधा आएगी। उन्होंने इस कार्य को सफल बनाने के लिए गेल के सभी अधिकारियों को बधाई दी।

गेल (इंडिया) लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक एच.के. गर्ग ने बताया कि पहले यूनिट-1 और यूनिट-2 पर प्रतिमाह लगभग 600 एलपीजी सिलेंडरों उपयोग होता था। पीएनजी सेवा शुरू होने के बाद इन टैंकों को आवश्यकतानुसार अन्य स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गेल लगातार शहर व जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छ ऊर्जा पहुंचाने का कार्य कर रहा है।

महंत शंकर पुरी महाराज ने गेल (इंडिया) परिवार को बधाई देते हुए कहा कि काशी की संकरी गलियों में भी गेल ने इतनी तेजी से पीएनजी गैस आपूर्ति शुरू की, इसके लिए पूरी टीम बधाई के पात्र है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित