काशीपुर , जुलाई 27 -- उत्तराखंड के परिवहन मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने सोमवार को काशीपुर में आयोजित जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम में जनता को करीब 44.36 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने 31.35 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास और 13.01 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण किया।

कार्यक्रम में परिवहन मंत्री ने काशीपुर के पुराने बस स्टेशन की बदहाल स्थिति और नए बस अड्डे की मांग पर कहा कि वर्तमान बस स्टेशन काफी पुराना हो चुका है और वहां पेयजल, जल निकासी समेत कई बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। नए बस स्टेशन के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है और भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है। जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शहर में छोटे-छोटे बस स्टॉप भी विकसित किए जाएंगे। इसके साथ ही काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा समेत विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने के लिए करीब 20 नई बसें संचालित करने की योजना है, जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी। परिवहन निगम ने 200 नई बीएस-6 बसों की खरीद की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दिवाली से पहले नई बसों को सड़कों पर उतारने की तैयारी है। काशीपुर को भी नई बसों का पर्याप्त आवंटन किया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे शिविरों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की कोशिश है कि लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान हो।

इस दौरान नगर निगम क्षेत्र में 13.01 करोड़ रुपये के 49 कार्यों का शिलान्यास किया गया। वहीं, काशीपुर नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और सार्वजनिक स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी 31.35 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का भी शिलान्यास किया गया। इनमें 1.97 करोड़ रुपये की लागत से दो स्थानों पर पार्किंग कार्य, 20.43 करोड़ रुपये से नगर निगम के विभिन्न वार्डों में 77 स्थानों पर सड़क एवं नाली-नाला निर्माण, 1.80 करोड़ रुपये से पीपीपी मोड पर 10 स्थानों पर ईवी चार्जिंग स्टेशन और 7.15 करोड़ रुपये की लागत से पांच स्थानों पर वेंडिंग जोन विकसित करने के कार्य शामिल हैं।

शिविर में प्राप्त 54 प्रार्थना पत्रों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। इस दौरान बबीता देवी को क्रेडिट कार्ड, दानिश को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 15 हजार रुपये का चेक तथा शकुंतला देवी और रीना सिंह को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी सौंपी गई।

कार्यक्रम में विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उप जिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद और अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित