काशीपुर , जुलाई 15 -- उत्तराखंड के काशीपुर में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना में दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काशीपुर के महादेव कालोनी में राजेंद्र और नन्हें का परिवार आसपास ही रहता है। बताया जा रहा है कि राजेन्द्र का पुत्र देव (6) और नन्हें का पुत्र मयंक (5) साथ खेल रहे थे। खेलते खेलते दोनों घर के पास एक खेत में भरे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। जब बच्चे काफी देर तक नहीं दिखे तो परिजनों ने उनकी ढ़ूंढ खोज की। तब बच्चों के डूबने की खबर लगी।
किसी तरह से बच्चों को बाहर निकाल कर एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। नगर निगम की एक टीम मौके पर पानी की निकासी में जुट गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित