जसपुर , अप्रैल 12 -- उत्तराखंड की बहुप्रतीक्षित काशीपुर-धामपुर रेलवे लाइन का फाइनल सर्वे पूरा हो चुका है और इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में प्रक्रिया जारी है।

इसके साथ ही जसपुर सीवर लाइन का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है, जबकि रोडवेज बस अड्डे के लिए भी शीघ्र समाधान निकाले जाने की बात कही गई है।

यह जानकारी राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय रुहेला ने रविवार को जसपुर में अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान दी।

बैठक में विनय रुहेला ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़े विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति जानी। इस दौरान अधिवक्ताओं के चेंबर निर्माण, कटारमल देवता के सौंदर्यीकरण, भोगपुर डाम स्थित तीर्थ नगर मंदिर के विकास, दादूवाला झील निर्माण, अमृतपुर में प्रस्तावित पार्क तथा वीआईपी कॉलोनी की सड़कों के निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए, ताकि जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। साथ ही उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में बीडीओ के.के. कांडपाल, एडीओ पंचायत सुखलाल राणा सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित