भदोही, अक्टूबर 11 -- उत्तर प्रदेश के भदोही में एक कालीन कंपनी के अहाते में पिलर कटिंग का काम करते समय बिजली का करंट लगने से 22 वर्षीय श्रमिक की मौत हो गयी।

घटना के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि भदोही के कटरा बाजार स्थित लोहराना गली निवासी महफूज (22), नयी बस्ती स्थित एक कालीन कंपनी के अहाते में पिलर कटिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गए, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।

घटना के बाद कंपनी में काम कर रहे अन्य श्रमिकों ने महफूज को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही थी या नहीं, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस ने पंचनामा कर शव को परिजनों को सौंप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित