कोच्चि , नवंबर 08 -- राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने कालीकट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मादक पदार्थ तस्करी के प्रयास को विफल करते हुए मस्कट से आये एक यात्री से लगभग एक किलोग्राम क्रिस्टल मेथामफेटामाइन बरामद किया है।

खुफिया जानकारी के आधार पर, कोचीन क्षेत्रीय इकाई के डीआरआई कालीकट से जुड़े अधिकारियों ने त्रिशूर के एक यात्री को रोका और उसके चेक-इन बैगेज में डायपर पैकेट में छिपाये गये क्रिस्टल मेथामफेटामाइन के 19 पैकेट बरामद किये, जिनका वजन 974.5 ग्राम था।

सूत्रों के अनुसार, ज़ब्त किये गये मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाज़ार में अनुमानित कीमत 1.95 करोड़ रुपये है। सूत्रों ने कहा कि यात्री को नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम के अंतर्गत गिरफ्तार किया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

डीआरआई अधिकारियों ने कहा कि मादक पदार्थों के स्रोत का पता लगाने तथा तस्करी में शामिल बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच चल रही है।

केन्द्र सरकार की 'ड्रग-फ्री इंडिया' पहल के अनुरूप, डीआरआई कोचीन जोनल यूनिट ने चालू वित्त वर्ष के दौरान केरल में 45 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों और साइकोट्रोपिक पदार्थों को जब्त किया है।

जब्त की गयी सामग्री में हाइड्रोपोनिक वीड, मेथामफेटामाइन और कोकीन शामिल हैं, इस मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित