सिरसा , नवंबर 07 -- हरियाणा में सिरसा के कालांवाली में युवा कांग्रेस नेता लवप्रीत सिंह की हत्या के मामले में शनिवार को डबवाली पुलिस ने खुलासा किया। पुलिस उपाधीक्षक ललित कुमार ने बताया कि जांच में मृतक के सौतेले भाई गुरलाल, चाचा चरणजीत, गुरचरण और तरसेम उर्फ सेमा सहित अन्य आरोपियों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर को लवप्रीत अपने पिता नाजम सिंह के साथ खेत में गया था। वहां जमीन जोतने वाले व्यक्ति के साथ उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद खेत मालिक चरणजीत को फोन कर मौके पर बुलाया गया। आरोप है कि चरणजीत के कहने पर गुरलाल और उसके बेटे भी लाठी-डंडे व कुल्हाड़ी लेकर खेत में पहुंच गए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने लवप्रीत और उसके पिता पर हमला कर दिया। लवप्रीत के पैरों पर डंडों से वार किए गए और सिर के पीछे कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घायल पिता का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जांच में सामने आया कि नाजम सिंह की पहली शादी से गुरलाल और दूसरी शादी से लवप्रीत था। परिवार में करीब 21 एकड़ जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। गुरलाल को सात एकड़ जमीन दी गई थी, लेकिन वह इससे संतुष्ट नहीं था। इसी विवाद के चलते परिवार में तनाव बना हुआ था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित