जालौन , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी नगर की लंबे समय से चली आ रही यमुना प्रदूषण की समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के लिए भूमि का चयन कर लिया गया है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार जिलाधिकारी के निर्देशन में उपजिलाधिकारी कालपी मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में जल निगम और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने निरीक्षण के बाद रायढ़ दिवारा रोड स्थित मौजा तरीबुल्दा की गाटा संख्या 67/1 में लगभग 5000 वर्ग मीटर भूमि को एसटीपी निर्माण के लिए चिन्हित किया है।

बताया गया कि वर्तमान में नगर का दूषित जल नालों के माध्यम से सीधे यमुना नदी में प्रवाहित हो रहा है। इसके अलावा हाथ कागज उद्योगों से निकलने वाला रासायनिक अपशिष्ट भी नदी को प्रदूषित कर रहा है, जिस पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा संबंधित इकाइयों और नगर पालिका को नोटिस एवं जुर्माना भी लगाया जा चुका है।

अधिकारियों के अनुसार एसटीपी के निर्माण के बाद नगर का गंदा पानी शुद्धिकरण के पश्चात ही यमुना में छोड़ा जाएगा, जिससे नदी की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूर्व में चिन्हित भूमि पर विकसित की जाएगी और इसके क्रियान्वयन से क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन सुधारने की दिशा में ठोस परिणाम मिलने की उम्मीद है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित