जालौन , अप्रैल 09 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में कालपी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जोल्हुपुर ओवरब्रिज पर गुरुवार को एक बाइक सवार व्यक्ति की पुल से गिरकर मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान आटा थाना क्षेत्र के इटौरा गांव निवासी प्रीतम (55) के रूप में हुई है। वह किसी कार्य से बाइक द्वारा कालपी जा रहे थे। जैसे ही प्रीतम जोल्हुपुर ओवरब्रिज पर पहुंचे, उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और वह बाइक सहित पुल से नीचे जा गिरे। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतक के भांजे रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रीतम मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे छोटू व जानू हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित