जालौन , जुलाई 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनसभा के दौरान कालपी के विधायक विनोद चतुर्वेदी ने क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कई महत्वपूर्ण मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने कालपी को राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन क्षेत्र घोषित करने तथा हस्तनिर्मित कागज उद्योग को विशेष प्रोत्साहन देने की मांग की।
विधायक ने कहा कि पिछले 70 वर्षों में जितना विकास नहीं हो सका, उससे कहीं अधिक विकास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गांव-गांव तक पहुंचा है और जालौन जनपद विकास के नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से कालपी के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए इसे राष्ट्रीय स्तर पर पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि महर्षि वेदव्यास की तपोस्थली, प्राचीन सूर्य मंदिर तथा अन्य ऐतिहासिक धरोहरों के कारण कालपी की देशभर में विशिष्ट पहचान है। यदि इसे पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जाता है तो रोजगार, व्यापार, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं को व्यापक बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कालपी के प्रसिद्ध हस्तनिर्मित कागज उद्योग को विशेष प्रोत्साहन देने की भी मांग की, ताकि इस पारंपरिक उद्योग से जुड़े कारीगरों और उद्यमियों को अधिक अवसर मिल सकें।
इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कालपी के हस्तनिर्मित कागज को जीआई (भौगोलिक संकेतक) टैग मिलने के बाद उसकी पहचान राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि कालपी में निर्मित हैंडमेड पेपर का निर्यात ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, अमेरिका, जर्मनी और जापान सहित कई देशों में हो रहा है, जिससे स्थानीय उद्योग और कारीगरों को नई पहचान तथा आर्थिक मजबूती मिली है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पारंपरिक उद्योगों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित