चंडीगढ़ , सितंबर 19 -- हरियाणा के सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करें। कार्यकर्ता जनता के बीच रहकर उनकी समस्याएं सुनें और समाधान के लिए उचित मंच पर मजबूती से आवाज उठाएं। संगठन की असली ताकत सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं।
कुमारी सैलजा शनिवार को कालका विधानसभा क्षेत्र के पिंजौर स्थित के फार्म में आयोजित कांग्रेस के ब्लॉक स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रही थीं। सम्मेलन की अध्यक्षता कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी ने की। कार्यक्रम में पहुंचने पर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं से उनका स्वागत किया।
कुमारी सैलजा ने कालका-पिंजौर क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां सड़कों की स्थिति में सुधार की जरूरत है। कई स्थानों पर सड़कें खराब होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कें विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं, इसलिए उनकी समय पर मरम्मत और नियमित देखभाल सुनिश्चित की जानी चाहिए।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने की जरूरत बताई। सैलजा ने कहा कि क्षेत्र के कई हिस्सों में नियमित पानी नहीं मिलने से लोगों को परेशानी होती है। प्रशासन को पर्याप्त और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि कालका-पिंजौर में बड़ी आबादी रहती है, इसलिए सड़कों, पेयजल और अन्य जनसुविधाओं का विकास आबादी की जरूरत के अनुसार किया जाना चाहिए। विकास योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई देना चाहिए और रोजमर्रा की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान होना चाहिए।
कुमारी सैलजा ने कार्यकर्ताओं से राहुल गांधी के नेतृत्व में दृढ़ निश्चय के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने ब्लॉक और बूथ स्तर पर अधिक से अधिक बैठकें आयोजित करने तथा लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं संगठन और संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित