कोटा , अक्टूबर 06 -- राजस्थान में कोटा के केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) ने भीलवाड़ा जिले में एक कार से कुल 98 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद करके चालक को गिरफ्तार किया है।

सीबीएन के आधिकारिक सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक कार में अवैध डोडाचूरा ले जाया जा रहा है और इसे किसी दूसरे नशा तस्कर को सौंपा जाना है। सीबीएन कोटा के अधिकारियों के एक दल ने सोमवार को भीलवाड़ा जिले में नाकाबंदी की और एक संदिग्ध वाहन की पहचान होने पर उसका पीछा करके उसे रुकने का इशारा किया गया। वाहन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति से भागने का प्रयास किया।

सूत्रों ने बताया कि दल ने उसे मांडलगढ़ में ग्राम सहकारी समिति के सामने, फूल जी की खेड़ी के पास रोक लिया। वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर उसमें छुपाकर रखा गया कुल 98 किलो अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। चालक को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित