उदयपुर , सितम्बर 15 -- राजस्थान में उदयपुर जिले के गोगुन्दा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 46 किलो से अधिक अफीम डोडा चूरा जब्त करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने मंगलवार को बताया कि मुखबिर की सूचना पर जिला विशेष दल (डीएसटी) एवं पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को तड़के राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर गोगुन्दा पर स्थित बाण माता कट पर विशेष नाकाबंदी की थी।

उन्होंने बताया कि नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। कार की तलाशी लेने पर उसमें प्लास्टिक के तीन कट्टों में भरा हुआ अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ। तोल करने पर डोडा चूरा का कुल वजन 46 किलो 550 ग्राम पाया गया। कार में सवार प्रवीण (22) को गिरफ्तार कर लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित