भीलवाड़ा , अगस्त 27 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के पुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार से 123 किलो 550 ग्राम अवैध डोडा चूरा पकड़ा है।

थाना प्रभारी कन्हैयालाल ने गुरुवार को बताया कि और चित्तौड़गढ़-भीलवाड़ा राजमार्ग के हजारी खेड़ा चौराहे पर पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि चित्तौड़ की दिशा से आ रही एक कार में दो संदिग्ध बदमाश बैठे हैं और उनके पास कोई अवैध वस्तु हो सकती है।

उन्होंने बताया कि इस पर पुलिस दल ने हजारी खेड़ा चौराहे पर नाकाबंदी की और संदिग्ध कार के पहुंचने पर उसे रुकवाकर तलाशी ली गयी तो उसमें 123 किलो 550 ग्राम डोडा चूरा बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब 18 लाख रुपए आंकी गयी है।

श्री कन्हैयालाल ने बताया कि पुलिस ने कार में सवार अनुज (24) को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि कार चालक विक्रम विश्नोई भाग निकलने में सफल रहा। तलाशी में पुलिस को कार से दो फर्जी नंबर प्लेटें भी बरामद हुई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित