देहरादून , मई 20 -- उत्तराखंड के देहरादून में एक कार पर फर्जी नम्बर प्लेट लगाकर मादक पदार्थ स्मैक लेकर आपूर्ति करने जा रहे एक तस्कर को स्थानीय पुलिस ने गिरफ्तार किया है। नशा तस्कर से बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग तीन लाख रुपए है।
पुलिस ने बताया कि नशा तस्कर उत्तर प्रदेश के बिजनौर का मूल निवासी है। उसके एक अन्य फरार साथी को पुलिस तलाश रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून प्रवेंद्र डोभाल ने बुधवार को बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि के विजन को साकार करने के लिए लगातार संदिग्ध व्यक्ति और वाहन की जांच की जा रही है। इसी क्रम में आज सुबह कोतवाली प्रेम नगर की टीम ने जांच के दौरान एक सेंट्रो कार संख्या की तलाशी ली। जिसमें वाहन चालक मोनिस को 12.25 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि वाहन की तलाशी में उसके अंदर एक अलग नंबर की नंबर प्लेट बरामद हुई। अभियुक्त के विरुद्ध कोतवाली प्रेमनगर पर मादक पदार्थ अधिनियम की धारा 8/21/29 /60, भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के मामला दर्ज किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित