श्रीगंगानगर , मई 04 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के समेजा कोठी थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को भारतमाला रोड राष्ट्रीय राजमार्ग-911 पर एक कार से मादक पदार्थ और हथियार बरामद किये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अनूपगढ़ की ओर से एक बिना नंबर प्लेट वाली कार में दो संदिग्ध व्यक्ति हथियार और मादक पदार्थ लेकर पंजाब की तरफ जा रहे हैं। इस सूचना के आधार पर समेजा कोठी थाना से करीब एक किलोमीटर दूर नहर पुलिया के पास पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खड़ी करके नाकाबंदी कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे अनूपगढ़ की ओर से आई तेज रफ्तार बिना नंबर प्लेट वाली कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। उस कार के पीछे पुलिस की गाड़ियां लगी हुई थीं। कार के टकराते ही उसमें सवार दो व्यक्ति उतरकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उनका पीछा किया और पास के खेतों में घेरकर दोनों को पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि कार की तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ और हथियार बरामद हुए। पुलिस के अनुसार उसमें एक किलो 494 ग्राम हेरोइन, 990 ग्राम अफीम, पांच देसी पिस्तौलें और 72 जीवित कारतूस मिले हैं। सूत्रों के मुताबिक दोनों पकड़े गए व्यक्ति पंजाब के फाजिल्का जिले के रहने वाले हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों की पहचान उजागर नहीं की गयी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित